Chennai Super Kings: भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने ईशान किशन की जमकर तारीफ की है। आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ ईशान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 70 रनों की दमदार पारी खेली, जिसके बूते सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) 5 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही।
इस जीत के साथ ही एसआरएच ने प्लेऑफ का टिकट भी हासिल कर लिया। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम की मुश्किल पिच पर ईशान ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने हेनरिन क्लासेन के साथ मिलकर 75 रनों की अहम साझेदारी निभाई, जो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई।
रायडू ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' पर बात करते हुए कहा, "इस पिच पर गेंद फंसकर आ रही थी और गेंद टर्न ले रही थी। मुझे लगता है कि ईशान किशन वो बल्लेबाज रहे, जिन्होंने आगे बढ़कर टीम की नैया को पार लगाने की जिम्मेदारी ली। वह इस सीजन कई मुश्किल पिचों पर अच्छी बल्लेबाजी कर चुके हैं। इससे पता चलता है कि ईशान किशन कितने परिवर्तनशील हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अटैक कर सकते हैं और जब हालात अच्छे नहीं होते हैं तो पारी को संभाल भी सकते हैं। वह एक शानदार एसेट हैं।"