Royal Challengers Bengaluru: भारत के पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। रायडू ने कोहली को टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने का सुझाव भी दिया है। विराट ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 69 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से जीत दिलाई।
विराट ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 69 रन बनाए। अपनी इस पारी में कोहली ने पांच चौके और 5 छक्के लगाए। आईपीएल में विराट के बल्ले से 64वां अर्धशतक निकला। कोहली आईपीएल इतिहास में रनों का पीछा करते हुए 4 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। उनकी दमदार पारी के बूते आरसीबी ने 202 रनों के लक्ष्य को 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
रायडू का मानना है कि विराट जिस तरह से वनडे में बैटिंग कर रहे हैं और सबसे बड़ी टी20 लीग (आईपीएल) में भी अपनी फॉर्म जारी रखे हुए हैं, वह काफी कमाल है। पूर्व खिलाड़ी के मुताबिक, विराट में अभी पांच से छह साल का इंटरनेशनल क्रिकेट बाकी है। 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आईपीएल में उनका बेस्ट प्रदर्शन आना अभी बाकी है। हमने जो देखा है, वह तो बस एक ट्रेलर है। फिटनेस उनके लिए कभी कोई दिक्कत नहीं रही है। मुझे नहीं लगता कि वह कभी अपनी फिजिकल फिटनेस, बॉल पर देर से आने या फील्ड पर धीमा होने को लेकर किसी परेशानी में पड़ेंगे। सिर्फ एक चीज जो उन्हें पीछे धकेल सकती है, वह है उनकी मानसिक स्थिति। मुझे नहीं लगता कि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। मुझे अभी भी उनके अंदर पांच से छह साल का क्रिकेट करियर दिखाई देता है।"