Royal Challengers Bengaluru: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का कहना है कि उनको चुनौतियां काफी पसंद हैं और उनकी नजर इस बार ट्रॉफी पर रहने वाली है।
पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 में फाइनल तक का सफर तय किया था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब का प्रदर्शन शानदार रहा था, हालांकि टीम खिताब को अपने नाम करने से चूक गई थी और फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने जीत दर्ज की थी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोहाली में टीम की नई जर्सी लॉन्च करने के लिए हुए इवेंट में कहा कि पंजाब टीम से इस बार काफी उम्मीदें होंगी, जो काफी मजेदार होगा।
श्रेयस अय्यर ने कहा, "उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं और इसमें मजा आता है। मुझे चुनौतियां पसंद हैं, हालांकि सबसे जरूरी बात यह है कि जब भी हम मैदान पर उतरें, तो हमें जीतना ही है। मेरी नजर तो बस ट्रॉफी पर है।"