प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के अपने 132वें एपिसोड में रणजी ट्रॉफी का खिताब पहली बार जीतने वाली जम्मू-कश्मीर टीम की सराहना की। उन्होंने टीम की इस जीत को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। पीएम मोदी से मिली तारीफ से जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर-बल्लेबाज कन्हैया वधावन गदगद नजर आए।
कन्हैया ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "सबसे पहले मैं पीएम मोदी को धन्यवाद कहना चाहूंगा। उन्होंने हमारी तारीफ की। हमारी कड़ी मेहनत का नतीजा आया, तो उन्होंने 'मन की बात' में इसका जिक्र किया। यह काफी अच्छा एहसास है। हम काफी लंबे समय के बाद पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीते हैं, लेकिन यह आखिरी नहीं होगी और हम आगे भी अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह पूरी टीम, एसोसिएशन और सभी की मेहनत का फल है। यहां के लोगों की दुआएं हमारे साथ हैं। इस सफलता में बीसीसीआई प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास और आईसीसी चीफ जय शाह का भी काफी अहम योगदान है। हम पिछले दो से तीन साल से मेहनत कर रहे थे और अब जाकर यह पल आया है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व का पल है।"