भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है। श्रीलंका सीरीज का मेजबान है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से श्रीलंका में खेला जाना है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है और अपना अभ्यास शुरू कर दिया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को जिंदा रखने के लिए भारतीय टीम को इस सीरीज को जीतना होगा।
श्रीलंका और भारत के बीच किसी भी फॉर्मेट में जोरदार टक्कर देखने को मिलती है। आगामी सीरीज भी किसी टीम के लिए आसान नहीं होने वाली है। आइए जानते हैं कि भारत की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में किन तीन बल्लेबाजों ने सर्वाधिक रन बनाए हैं और किन तीन गेंदबाजों ने सर्वाधिक विकेट लिए हैं।
सचिन तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन ने 1990 से 2010 के बीच खेले 25 टेस्ट मैचों की 36 पारियों में 60.45 की औसत से 1995 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 6 अर्धशतक आए। सर्वाधिक स्कोर 203 रन है।