Royal Challengers Bengaluru: कर्नाटक राज्य सरकार की मंजूरी के बाद, गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस सीजन में आरसीबी के पांच घरेलू मुकाबले बेंगलुरु में खेले जाने की पुष्टि हो चुकी है।
वहीं, आईपीएल 2026 अभियान के शेष दो घरेलू मैच पूर्व प्रतिबद्धता के अनुसार रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
पिछले साल जब फ्रेंचाइजी ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था, तब स्टेडियम के पास बदइंतजामी की वजह से भयानक भगदड़ मच गई थी। कर्नाटक सरकार ने भगदड़ की जांच शुरू की, और चिन्नास्वामी स्टेडियम में सभी गतिविधियों को सस्पेंड कर दिया गया, जिससे फ्रेंचाइजी होम वेन्यू की तलाश में निकल पड़ी। लेकिन अब, चीजें ठीक हो गई हैं। हाल ही में सरकार ने स्टेडियम में मैच कराने की मंजूरी दे दी है।