Lucknow Super Giants: पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच रविवार को आईपीएल 2026 का 29वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले की मेजबानी मुल्लांपुर का महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम कर रहा है। एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। दिग्वेश राठी की जगह पर मणिमारन सिद्धार्थ को टीम में शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान पंत ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हम चाहते हैं कि वे हमारे लिए एक स्कोर तय करें। पंजाब किंग्स इस टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक रही है, लेकिन साथ ही इससे हमें भी आजादी मिलती है कि हम अपना खेल खेल सकें। 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के बजाय 220 रनों का लक्ष्य बेहतर होता है। राठी बाहर हैं और उनकी जगह पर सिद्धार्थ टीम में आए हैं।"
पंजाब किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस हारने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि हमने अब तक पहले बल्लेबाजी नहीं की है। मैंने पहले भी कहा था कि जब आप बेहतर हो रहे होते हैं, तो मुकाबला खुद से ही होता है। हमें एक बड़ी जीत हासिल करने की जरूरत है। टीम में कोई बदलाव नहीं है।"