Punjab Kings Preview: आईपीएल 2025 में फाइनल तक का सफर तय करने वाली पंजाब किंग्स की टीम इस सीजन भी कागज पर दमदार नजर आ रही है। बल्लेबाजी में दमखम दिख रहा है, तो गेंदबाजी भी काफी संतुलित नजर आ रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम आईपीएल 2026 में अपने पहले खिताब का सूखा खत्म करना चाहेगी।
प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी पिछले सीजन टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत देने में सफल रही थी। प्रभसिमरन ने टूर्नामेंट में 547 और प्रियांश ने भी 475 रन बनाए थे। नंबर तीन की पोजीशन पर श्रेयस अय्यर ने पंजाब किंग्स के लिए अहम भूमिका निभाई थी। कप्तान से टीम को एक बार फिर वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी। माइकल ओवेन और कूपर कोनोली के आने से टीम का बैटिंग ऑर्डर अब और भी दमदार दिख रहा है। मार्कस स्टोइनिस बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देते हुए नजर आएंगे।
वहीं, शशांक सिंह और नेहल वढेरा से आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। विष्णु विनोद, मुशीर खान और सूर्यांश शेडगे के रूप में पंजाब के पास अच्छे भारतीय युवा बल्लेबाज भी मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल टीम परिस्थितियों के हिसाब से कर सकती है। टीम का गेंदबाजी अटैक भी इस साल काफी संतुलित दिख रहा है। मार्को जानसेन और अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी की अगुवाई करते नजर आएंगे।