Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ हो रही है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
सीएसके ने अपने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। खलील अहमद की जगह पर मुकेश चौधरी को टीम में शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह पिच बहुत अच्छी लग रही है, इसमें ज्यादा बदलाव नहीं आएगा, इसलिए हम लक्ष्य का पीछा करना चाहेंगे। सबसे नीचे से ऊपर आना अच्छा लग रहा है। दूसरे मैच से ही हमने बुनियादी चीजें सही तरीके से करना शुरू कर दिया था। सबसे जरूरी बात है लगातार अच्छा प्रदर्शन करना। पिछले मैच में मुझे लगा कि नूर ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की और उन्हें फिर से लय में देखकर अच्छा लगा। इसके साथ ही अंशुल भी मैच के आखिर में बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।"
एसआरएच ने भी अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। हर्ष दुबे की जगह पर श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल किया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान ईशान किशन ने कहा, "मुझे लगता है कि हम टॉस जीतने पर पहले बल्लेबाजी करते। विकेट अच्छा लग रहा है और हम एक अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। आपको टीम के लिए बैटिंग करनी होती है, न कि अपने निजी प्रदर्शन के लिए। हमें बस हर मैच पर ध्यान देना है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम अभी कहां हैं, क्योंकि यह एक लंबा टूर्नामेंट है। मुझे लगता है कि शुरुआत में गेंद थोड़ी स्विंग होगी, इसलिए बल्लेबाजों को गेंद पर नजर रखते हुए अच्छा खेलना होगा। हर्ष दुबे की जगह दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल किया गया है।"