Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 8 विकेट से हराया। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में डीसी से मिले 143 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने आसानी से 2 विकेट खोकर 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। यह केकेआर की लगातार चौथी जीत है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे 9 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद रन आउट होकर पवेलियन लौटे। वहीं, अंगकृष रघुवंशी को अक्षर पटेल ने सिर्फ एक रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। हालांकि, इसके बाद फिन एलन और कैमरून ग्रीन ने मोर्चा संभाला।
दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 116 रनों की अटूट साझेदारी की। एलन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में एलन ने 5 चौके और 10 छक्के लगाए। वहीं, ग्रीन 27 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में डीसी की तरफ से एकमात्र विकेट कप्तान अक्षर पटेल की झोली में आया।