Sawai Mansingh Stadium Ahead: आईपीएल 2026 का तीसरा मुकाबला सोमवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है। इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा। जडेजा 15 रन बनाते ही टी20 में अपने 4 हजार रन पूरे कर लेंगे।
भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में 4 हजार और 200 विकेट लेने का कारनामा अब तक सिर्फ हार्दिक पांड्या कर सके हैं। हालांकि, जडेजा अगर चेन्नई के खिलाफ 15 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। जडेजा ने अब तक खेले 346 टी20 मुकाबलों में 130 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 3,985 रन बनाए हैं। वहीं, इस फॉर्मेट में वह 235 विकेट निकाल चुके हैं।
जडेजा आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे। राजस्थान ने उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड करते हुए अपनी टीम में शामिल किया है। जडेजा का रिकॉर्ड आईपीएल में दमदार रहा है। उन्होंने इस लीग में अब तक खेले 254 मुकाबलों में 130 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 3,260 रन बनाए हैं। जडेजा आईपीएल में 5 अर्धशतक लगा चुके हैं। अपने आईपीएल करियर में जडेजा 170 विकेट निकाल चुके हैं।