New Delhi: राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को जीत के लिए 194 रन का टारगेट दिया है। आरआर की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंचने की है।
रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 193 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 11 गेंदों में महज 19 रन की साझेदारी की। जायसवाल 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद ध्रुव जुरेल ने सूर्यवंशी के साथ 34 गेंदों में 70 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।
सूर्यवंशी 21 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। यहां से जुरेल ने रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 72 रन जुटाकर टीम को 161 के स्कोर तक पहुंचाया।