Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के खिताबी मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर दूसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेंगी।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी फाइनल मैच में आरसीबी ने कोई भी बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक काफी अच्छा विकेट है। मुझे नहीं लगता कि इसमें ज्यादा बदलाव आएगा। पिछले साल की बहुत सारी यादें जुड़ी हैं। इस मैच को जीतने के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। वर्तमान में रहना बहुत जरूरी है। जो चीजें हमारे नियंत्रण में हैं, हम उन पर ही ध्यान देंगे। मुझे इस स्टेडियम में खेलना हमेशा पसंद आता है। हमारी टीम वही है।"
वहीं, जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, " टॉस जीतकर हम पहले बल्लेबाजी ही करते। यह एक आम विकेट है, हम यहां अपना तीसरा मैच खेल रहे हैं। पहले तीन ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। यह दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में से एक है। हमने टीम में एक बदलाव किया है। साईं (किशोर) की जगह अरशद (खान) टीम में आए हैं।"