Lucknow Super Giants: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में बुधवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा। इस मैच में दोनों टीमों के लिए बहुत कुछ दांव पर लगा है।
डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी इस सीजन 4 में से 3 मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। इस टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया और फिर चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से हराया। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी की जीत का क्रम तोड़ा। उस मैच में आरसीबी को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अपने चौथे मैच में इस टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 रन से जीत हासिल की।
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 4 में से 2 मैच गंवा चुकी है। इस टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध अपना पहला मैच 6 विकेट से हारा, जिसके बाद शानदार वापसी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (5 विकेट) और कोलकाता नाइट राइडर्स (3 विकेट) के खिलाफ जीत हासिल की। इसके बाद गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 7 विकेट से मैच गंवा दिया।