Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के 9वें मैच में शनिवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) की भिड़ंत नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से हो रही है। राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। गुजरात के नियमित कप्तान शुभमन गिल इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह पर राशिद खान कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। शुभम दुबे और तुषार देशपांडे को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, गिल की जगह पर गुजरात ने कुमार कुशाग्र को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है। टॉस जीतने के बाद राजस्थान के कप्तान रियान ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। हमें अलग-अलग परिस्थितियों को समझना होगा और उनके हिसाब से खुद को ढालना होगा। उम्मीद है कि हम 210 के आसपास का एक अच्छा स्कोर खड़ा करेंगे और बाद में उसे डिफेंड करेंगे। मैं चाहता हूं कि हमारी टीम ऐसी हो जो हर तरह की परिस्थितियों में खेल सके। हमने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। तुषार और दुबे को टीम में शामिल किया गया है।"
टॉस हारने के बाद इस मुकाबले में गुजरात की कप्तानी कर रहे राशिद खान ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। शुभमन गिल को मांसपेशियों में खिंचाव है, उम्मीद है कि वह जल्द ही वापस आ जाएंगे। कुमार कुशाग्र अपना पहला मैच खेल रहे हैं और हम उन्हें खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं। हमने पिछले मैच में भी अच्छा क्रिकेट खेला था। वह एक अच्छा मुकाबला रहा था। हमें यहां अपना 100 प्रतिशत देना होगा।"