Indian Premier League: आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शुक्रवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से हराया। आरआर की ओर से वैभव सूर्यवंशी और धुव जुरेल ने धमाकेदार पारी खेली।
202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 108 रनों की लाजवाब साझेदारी निभाई। वैभव ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए।
हालांकि, शिमरोन हेटमायर फ्लॉप रहे और वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान रियान पराग भी सिर्फ 3 रन ही बना सके। जुरेल एक छोर पर खड़े रहे और उन्होंने 43 गेंदों में 81 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में जुरेल ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 24 रनों की नाबाद पारी खेली। जुरेल और जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 50 गेंदों में 68 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। गेंदबाजी में जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट निकाले।