Sunrisers Hyderabad: राइट आर्म मीडिया फास्ट बॉलर प्रफुल्ल हिंगे ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपने शानदार डेब्यू के साथ सभी को चौंकाया है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की ओर से खेलते हुए सोमवार को हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट निकालकर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की पारी को बैकफुट पर ला दिया।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए एचआरएच ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 216 रन बनाए। इसके बाद प्रफुल्ल हिंगे को कप्तान ईशान किशन ने राजस्थान रॉयल्स की पारी का पहला ओवर सौंपा। इस ओवर की पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने सिंगल निकाला। अगली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी उनके सामने थे, मगर हिंगे ने इस युवा बल्लेबाज को सलिल अरोड़ा के हाथों कैच आउट कराकर टीम को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद ध्रुव जुरेल मैदान पर उतरे। ओवर की तीसरी गेंद डॉट रही और अगली ही बॉल पर हिंगे ने जुरेल को बोल्ड कर दिया। लुआन-ड्रे प्रीटोरियस क्रीज पर आए। पांचवीं गेंद डॉट रही, लेकिन ओवर की अंतिम गेंद पर हिंगे ने प्रीटोरियस को नितीश रेड्डी के हाथों कैच आउट करा दिया। आलम ये रहा कि आरआर पहले ओवर की समाप्ति तक 3 विकेट खो चुकी थी, जबकि टीम के खाते में सिर्फ एक ही रन था।