आईपीएल 2026 में एक बार फिर लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी। मयंक ने लीग के पिछले संस्करणों में अपनी तेज रफ्तार वाली गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है। हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में मयंक यादव ने बचपन के दिनों, तेज गेंदबाजी के अपने आदर्शों और जसप्रीत बुमराह के साथ अपने रिश्ते पर बात की।
जियोस्टार पर एक शो के दौरान मयंक यादव ने कहा, "जब मैं गलियों में खेलता था, तो मुझे स्पिन गेंदबाजी करनी नहीं आती थी। इसलिए मैं सिर्फ तेज गेंदबाजी करता था। तेज गेंदबाजी का मेरा जुनून बचपन से था। मेरे पिता भी मुझे तेज गेंदबाजी के बहुत सारे वीडियो दिखाते थे। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल और डेल स्टेन मुझे बहुत पसंद थे। उन्हीं की वजह से मुझमें तेज गेंदबाजी का जुनून जागा।"
मयंक ने कहा, "बहुत से लोग कहते हैं कि मयंक यादव एक 'वंडर किड' हैं, जिनमें कुदरती प्रतिभा है। यह सुनकर अच्छा लगता है। लेकिन मैं शुरू से ही कोई 'वंडर किड' नहीं था। मैं यह नहीं कहूंगा कि मेरी गेंदबाजी में तेज रफ्तार हमेशा से थी। तेज गेंदबाजी के साथ, चीजें हमेशा थोड़ी अनिश्चित होती हैं कि आप इसे कर पाएंगे या नहीं। खेल का यह हिस्सा एक बहुत ही बारीक रेखा पर चलता है। शरीर पर, शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से, बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है। जब मैं पहली बार आईपीएल में आया, तो हमारे प्रशिक्षक 'स्पीड गन' से हमारी गेंदबाजी की रफ्तार मापते थे। उस समय मुझे पता चला कि मुझमें यह प्रतिभा है, यह एक तोहफा है। इसलिए अब मुझे इसका सम्मान करना होगा।"