आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद के साथ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होनी है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने पिछले साल हुई दुखद भगदड़ में मारे गए लोगों को सम्मान देने के लिए खास कदम उठाया है।
केएससीए और आरसीबी ने मिलकर फैसला किया है कि बेंगलुरु स्थित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा के लिए उन लोगों की याद में खाली रखी जाएंगी, जिन्होंने इस हादसे में अपनी जान गंवाई थी। ये सीटें हर मैच और इवेंट के दौरान खाली रहेंगी, चाहे वह आईपीएल मैच हो या कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला। इसके अलावा, स्टेडियम के प्रवेश द्वार के पास एक मेमोरियल प्लाक (स्मारक पट्टिका) भी लगाया जाएगा। यह जगह लोगों के लिए एक शांत स्थान होगी, जहां वे इस हादसे में जान गंवाने वालों को याद कर सकेंगे।
सूत्रों ने 'आईएएनएस' को बताया, "हम प्रवेश द्वार के पास एक मेमोरियल प्लाक लगाएंगे और भगदड़ में मारे गए लोगों की याद में स्टेडियम में 11 सीटें रिजर्व करेंगे। मैं अभी ज्यादा जानकारी नहीं बता सकता। मुझे लगता है कि हम इसके बारे में और जानकारी मंगलवार की शाम को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेयर करेंगे।"