आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम शनिवार को अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने पहुंची। इस मौके पर टीम के मालिक संजीव गोयनका और कप्तान ऋषभ पंत भी मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में एलएसजी मालिक, खिलाड़ियों, और सहयोगी स्टाफ का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर के कर्मचारियों ने पूजा-पाठ के बाद सभी को मंदिर परिसर में धुमाया और नवनिर्मित मंदिर के दर्शन कराए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी थी। एलएसजी के एक्स हैंडल पर भी संजीव गोयनका और ऋषभ पंत की मंदिर परिसर की तस्वीर साझा की गई है।
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) 2022 में लीग से जुड़ी थी। पिछले 4 सीजन में टीम एक बार भी फाइनल तक पहुंचने में कामयाब नहीं रही है। आईपीएल 2025 में टीम नए कप्तान ऋषभ पंत के साथ ही लगभग नई टीम और कोचिंग स्टाफ के साथ उतरी थी, लेकिन इसका असर प्रदर्शन पर नहीं दिखा। टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं रही थी और सातवें स्थान पर रही थी। कप्तान ऋषभ पंत बतौर बल्लेबाज और नेतृत्वकर्ता अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। वहीं मेंटॉर जहीर खान भी अपना प्रभाव नहीं दिखा सके थे।