आईपीएल 2026 में मंगलावर को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच मुकाबला खेला गया। एसआरएच ने मैच 47 रन से जीता। मैच के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल की कप्तानी पर सवाल उठे हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने कुलदीप यादव और अपना 4 ओवर का कोटा पूरा न करने के लिए अक्षर की आलोचना की है।
आरोन फिंच ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के टाइम आउट शो में कहा, "डीसी में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के रूप में भारत के दो श्रेष्ठ स्पिनर हैं, लेकिन दोनों में से किसी ने अपने ओवर पूरे नहीं किए, जबकि नीतीश राणा जैसे पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर ने चार ओवर फेंके। मुझे इसका कोई मतलब समझ नहीं आ रहा है।"
फिंच ने कहा कि अक्षर पटेल और कुलदीप यादव दोनों ही दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। वह टीम इंडिया की स्पिन गेंदबाजी की ताकत हैं। इसके बावजूद बाएं हाथ के बल्लेबाज के सामने अक्षर का गेंदबाजी न करना और कुलदीप को गेंदबाजी के लिए न बुलाना उनके भरोसे की कमी को दिखाता है।