टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जडेजा को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया है। भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि जडेजा के लिए अब टीम में वापसी काफी मुश्किल होगी।
पुजारा और अभिषेक नायक ने जडेजा के भविष्य को लेकर चर्चा की। भारतीय टीम के लिए अक्षर पटेल पहली पसंद के लेफ्ट-आर्म स्पिनर बन गए हैं। वनडे वर्ल्ड कप में अब बस एक साल बचा है, और विदेशी परिस्थितियों में भी भारतीय वनडे टीम में जडेजा को जगह न मिलना, उनके वर्ल्ड कप भविष्य को लेकर सवाल खड़े करता है।
टीम से बाहर किए जाने पर पुजारा ने कहा कि शायद जडेजा के लिए अब आगे का रास्ता बंद हो गया है, क्योंकि प्राथमिकता के क्रम में अक्षर पटेल उनसे आगे निकल गए हैं। पुजारा ने 'जियोस्टार' पर कहा, "मुझे ऐसा ही लगता है, क्योंकि अगर आप रवींद्र जडेजा को वनडे क्रिकेट में बनाए रखना चाहते थे, तो उनका चयन होना चाहिए था। मुझे यकीन है कि उन्हें बता दिया गया होगा कि उनका चयन शायद न हो, क्योंकि अक्षर पटेल वनडे क्रिकेट में मुख्य ऑलराउंडर बन गए हैं और उन्हें ज्यादा मौके दिए जा रहे हैं।"