टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ घंटे के बाद रोमांचक मुकाबला होने वाला है। आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में होने वाले इस मैच पर बारिश का खतरा है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के बचपन के कोच एमपी सिंह ने टीम इंडिया को इस मैच में जीत का दावेदार बताया है।
आईएएनएस के साथ खास बातचीत करते हुए एमपी सिंह ने कहा, "टी20 में कोई गुंजाइश नहीं होती है। दो टीमों में से कोई भी टीम कागज पर मजबूत हो या कमजोर हो, अगर एक-दो ओवर रन पड़ गए, या आप एक-दो ओवर रन नहीं बना पाए, या कुछ कैच छूट गए तो मैच हाथ से फिसल सकता है। वैसे पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम बहुत मजबूत है। मैं भारतीय होने के नाते ऐसा नहीं कह रहा, बल्कि वास्तव में कागज पर हम बेहतर हैं। हमारी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण उनसे बेहतर हैं।"
भारतीय टीम में सुधार की गुंजाइश पर उन्होंने कहा कि हर गेंद पर बड़े शॉट लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। विपक्षी टीम भी विश्व कप खेलने आई है। आपको अच्छी गेंद को सम्मान देना होगा।