Royal Challengers Bengaluru: भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की 2 विकेट से रोमांचक जीत में शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की भारत के टी20 इंटरनेशनल सेटअप में वापसी की मांग की है।
भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन एमआई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार रहा। भुवनेश्वर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर 4 बड़े विकेट अपने नाम किए। सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि भुवनेश्वर ने पारी के आखिरी ओवर में छक्का लगाते हुए आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई। भुवनेश्वर के प्रदर्शन से अश्विन काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर ने राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए विचार करने लायक काफी कुछ दिखाया है।
अश्विन ने 'जियोस्टार' से कहा, "मैं चाहता हूं कि भुवनेश्वर को टी20 टीम में चुना जाए। नई गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हैं और अंतिम ओवरों में भी बढ़िया गेंदबाजी करते हैं। इसके साथ ही अगर आपको दबाव में छक्के की जरूरत है, तो वह मैदान के सबसे मुश्किल हिस्से में भी ऐसा कर सकते हैं।"भुवनेश्वर ने शानदार शुरुआती स्पेल से एमआई के टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी। उन्होंने रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को ऐसी पिच पर आउट किया जिस पर सीम मूवमेंट और असमतल बाउंस था। अश्विन ने खास तौर पर इस अनुभवी खिलाड़ी की कंडीशन को जल्दी पहचानने और उसके हिसाब से ढलने की काबिलियत की तारीफ की।