Ranji Trophy Final: जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक के खिलाफ केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मुकाबले में अपनी पकड़ बना रखी है। पहली पारी में 584 रन बनाने के बाद जम्मू-कश्मीर ने तीसरे दिन की समाप्ति तक कर्नाटक के 5 विकेट निकाल लिए हैं। फिलहाल कर्नाटक 364 रन से पीछे है।
मुकाबले के तीसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरी कर्नाटक की टीम ने 69 ओवरों के खेल तक 5 विकेट खोकर 220 रन बना लिए हैं। केएल राहुल ने मयंक अग्रवाल के साथ 11.2 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की। केएल 39 गेंदों में 2 चौकों के साथ महज 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मयंक अग्रवाल ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाते हुए टीम को 56 के स्कोर तक पहुंचाया।
16.1 ओवर में टीम को कप्तान देवदत्त पड्डिकल (11) के रूप में दूसरा झटका लगा। टीम ने 18वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर करुण नायर (0) और स्मरण रविचंद्रन (0) का विकेट खो दिया।