Chennai Super Kings: भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि कप्तानी की जिम्मेदारी का असर ऋतुराज गायकवाड़ की बल्लेबाजी पर पड़ रहा है। आईपीएल 2026 में ऋतुराज की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 13 मुकाबलों में से 6 में जीत दर्ज की है, जबकि 7 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
एमएस धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद से सीएसके बदलाव के दौर से गुजर रही है। सीएसके को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार पर 'जियोहॉटस्टार' संग बात करते हुए अश्विन ने कहा, "धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद से चेन्नई सुपर किंग्स साफ तौर पर बदलाव के दौर से गुजर रही है। इसमें शामिल सभी लोगों, फैंस, स्टेकहोल्डर्स और टीम, के लिए यह समझना जरूरी है कि फिर से बनने में समय लगता है।"
पूर्व स्पिनर ने आगे कहा, "सीएसके से जुड़े मानकों और उम्मीदें उनकी विरासत की वजह से बहुत ज्यादा हैं, लेकिन इस ग्रुप को आगे बढ़ने के लिए स्पेस और सब्र की जरूरत है। इसके साथ ही, कप्तानी की ज्यादा जिम्मेदारी ने ऋतुराज गायकवाड़ की बैटिंग पर असर डाला है। टी20 क्रिकेट पहले से ही डिमांडिंग है, और सीएसके जैसी फ्रेंचाइजी से उम्मीदों के साथ लीडरशिप का बोझ उठाने से खिलाड़ी पर काफी असर पड़ सकता है।"