Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 54वें मैच में उतरते ही मुंबई इंडियंस (एमआई) के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने वाले संयुक्त रूप से 'नंबर-1' खिलाड़ी बन गए हैं।
रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में जब रोहित उतरे, तो यह उनका 278वां आईपीएल मैच था। महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली भी इतने ही आईपीएल मैच खेल चुके हैं। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद रवींद्र जडेजा ने अपने आईपीएल करियर में 265 मैच खेले हैं, जबकि दिनेश कार्तिक 257 मुकाबलों के साथ तीसरे पायदान पर हैं। आईपीएल में अब तक सिर्फ 12 ही खिलाड़ी 200 मैच खेले हैं।
रोहित शर्मा ने 278 आईपीएल मुकाबलों में अब तक 30.11 की औसत के साथ 7,289 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी आए, जबकि कोहली ने इतने ही मुकाबलों में 8 शतकों के साथ 9,040 रन जुटाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 278 आईपीएल मुकाबलों में 38.30 की औसत के साथ 5,439 रन बनाए हैं।