ICC T20 World Cup: पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप बी के मुकाबले में श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हरा दिया। श्रीलंका की यह दूसरी जीत है।
226 रन के बड़े लक्ष्य के दबाव में ओमान की बल्लेबाजी बिखर गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 12 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हम्माद मिर्जा भी 9 रन बनाकर आउट हो गए।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मद नदीम और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए वसीम अली ने क्रीज पर रुकने का साहस दिखाया और चौथे विकेट के लिए पारी की सबसे बड़ी 42 रन की साझेदारी की। वसीम 20 गेंद पर 3 छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। नदीम 56 गेंद में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों बल्लेबाजों को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सका।