Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन की छठी हार से केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे निराश नजर आए। हालांकि, रहाणे ने आरसीबी की इस जीत का श्रेय विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी को दिया।
रहाणे ने हार के बाद कहा, "मेरा मतलब है कि हमें लगा कि इस विकेट पर 190 का स्कोर असल में एक अच्छा टोटल था। जो बल्लेबाज बीच के ओवरों में बैटिंग कर रहे थे, उन्हें लगा कि यह बढ़िया स्कोर है। आप हमेशा मैच के बाद कह सकते हैं कि 10-15 रन इधर-उधर हो गए, लेकिन मेरे हिसाब से यह हमारे बल्लेबाजों की बहुत अच्छी कोशिश थी। पूरे टूर्नामेंट में और खासतौर पर पिछले 3-4 मुकाबलों में हमारी फील्डिंग शानदार रही है।"
केकेआर के कप्तान ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा, "हालांकि, जैसा मैंने कहा कि इसका श्रेय विराट कोहली और उनकी और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी को जाता है। हां, मेरा मतलब है कि हम सभी जानते हैं कि विराट रनों का पीछा करते हुए कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं, लेकिन देवदत्त पडिक्कल टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले तीन से चार मुकाबलों में अहम कैचों को पकड़ने का हमें फायदा मिला था। हालांकि, ऐसी चीजें होती रहती हैं। सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन आप कैच छोड़ सकते हैं कोई बात नहीं।"