Ranji Trophy Final: जम्मू-कश्मीर ने 67 साल का सूखा खत्म करते हुए शनिवार को रणजी ट्रॉफी के खिताब को पहली बार अपने नाम किया। कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर ने ड्रॉ खेला। पहली पारी के आधार पर मिली बड़ी बढ़त के दम पर जम्मू-कश्मीर चैंपियन बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक जीत को जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का पल बताया है।
प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर जम्मू-कश्मीर की टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने पर बधाई। यह ऐतिहासिक जीत टीम के धैर्य, अनुशासन और जुनून को दिखाती है। यह जम्मू और कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का पल है और यह वहां बढ़ते खेल के जुनून और टैलेंट को दर्शाता है। उम्मीद है कि यह कामयाबी कई युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और खेलने के लिए प्रेरित करेगी।"
कर्नाटक के खिलाफ खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 584 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम पुंडीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने 121 रन बनाए, जबकि यावर हसन ने 88 रनों का योगदान दिया।