Royal Challengers Bengaluru: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। पहले ही दिन बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जिससे पहले क्रिकेट मुकाबलों के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 मार्च को शुरुआती मैच के बाद 5 अप्रैल को आरसीबी और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का मुकाबला आयोजित होगा, जिसके बाद 10 अप्रैल को यहां आरसीबी के सामने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) होगी। 12 अप्रैल को यहां आरसीबी का सामना मुंबई इंडियंस (एमआई) से होगा।
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि ये इंतजाम समिति की सिफारिशों के मुताबिक किए गए हैं, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मैच बिना किसी रुकावट के हो सकें।