त्रिकोणीय टी20 सीरीज में श्रीलंका का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछले मैच में मिली शर्मनाक हार के बाद शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में चल रहे मुकाबले में भी श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने निराश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 7 विकेट पर 128 रन बनाए।
श्रीलंका को शुरुआत अच्छी मिली थी। पाथुम निसांका और कामिल मिशारा ने पहले विकेट के लिए 3.2 ओवर में 31 रन जोड़े दिए थे। पहले विकेट के रूप में मिशारा 12 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे जिससे रन गति भी प्रभावित हुई। बड़ी साझेदारी न होने की वजह से श्रीलंका कभी भी बड़े स्कोर की तरफ जाती नहीं दिखी।
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जनिथ लियानागे ने 38 गेंद पर 1 छक्का और 3 चौके की मदद से नाबाद 41 रन बनाकर श्रीलंका को 7 विकेट के नुकसान पर 128 रन तक पहुंचाया। पाथुम निसांका ने 17, कुसाल परेरा ने 25 और वानिंदु हसरंगा ने 11 रन की पारी खेली। कुसाल मेंडिस 3 और कामिंदु मेंडिस 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान दासुन शनाका खाता भी नहीं खोल सके।