Royal Challengers Bengaluru: भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ की है। विराट ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 रनों की नाबाद पारी खेली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इस सीजन की आठवीं जीत दिलाई।
कोहली ने अपना शतक सिर्फ 58 गेंदों में पूरा किया। अपनी इस पारी में कोहली ने 11 चौके और 3 छक्के लगाए। विराट ने टी-20 क्रिकेट में यह 10वां शतक लगाया। इसके साथ ही आईपीएल में रनों का पीछा करते हुए कोहली अब संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
सुनील गावस्कर ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा कि अनुभवी बल्लेबाज ने एक बार फिर दिखाया कि इस सीजन में युवा स्टार्स पर बढ़ती स्पॉटलाइट के बावजूद वह इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक क्यों हैं। गावस्कर ने कहा, "केकेआर के खिलाफ विराट कोहली बिल्कुल शानदार थे। उन्हें पता है कि चेज को बेहतर कैसे बनाया जाता है। जब टी20 शतक की बात आती है, तो वह 10 सेंचुरी के साथ क्रिस गेल और बाबर आजम के बाद लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। हालांकि, वह सबसे तेज़ 14,000 टी-20 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उनके नाम 9 आईपीएल शतक हैं। रिकॉर्ड तो टूटने के लिए होते हैं, लेकिन कोहली जो करते रहते हैं, मैच दर मैच, सीजन दर सीजन, उसकी बराबरी करने में किसी को बहुत लंबा समय लगेगा।"