महिला प्रीमियर लीग 2025 के लिए सभी 5 फ्रेंचाइजियों ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। दिल्ली कैपिटल्स ने हैरानी भरा फैसला लेते हुए पिछले तीन सीजन में टीम को फाइनल तक पहुंचाने वाली कप्तान मेग लैनिंग को रिलीज कर दिया है। अगले सीजन में टीम की कमान किसी दूसरे खिलाड़ी के हाथ में होगी।
महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत 2023 में हुई थी। दिल्ली कैपिटल्स ने मेग लैनिंग को पहली नीलामी में खरीदा था और उन्हें टीम का कप्तान बनाया था। उस समय लैनिंग ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तान थीं। नवंबर 2023 में लैनिंग ने ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी छोड़ दी थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी उनके पास रही।
मेग लैनिंग ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अपनी अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा के अनुरूप की और 2023 से लेकर 2025 तक लगातार तीन साल टीम फाइनल में पहुंची। लेकिन, ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप जिताने वाली लैनिंग दिल्ली कैपिटल्स को महिला प्रीमियर लीग का खिताब नहीं दिला सकीं। टीम को लगातार खेले तीनों ही फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसलिए अगले सीजन से पहले टीम ने नए कप्तान के साथ जाने का फैसला करते हुए लैनिंग को रिलीज कर दिया है।