यूएसए के खिलाफ खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के तीसरे मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार अर्द्धशतकीय पारी के चलते टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाने में सफल रही लेकिन भारतीय बल्लेबाजी ने इस मैच में ये दिखा दिया कि वो भी दबाव में बिखर सकते हैं और इस बार उन्हें दबाव में लाने का काम किया USA के तेज़ गेंदबाज़ शैडली वैन शाल्कविक ने।
शाल्कविक ने शनिवार को भारतीय फैंस को चौंकाते हुए एक ही ओवर में तीन विकेट चटका दिए। ये शाल्कविक की गेंदबाजी का ही असर था कि पावरप्ले के अंदर ही भारत ने 46 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। खराब शुरुआत के बाद एक समय भारत का स्कोर 10 ओवर के बाद 63 रन पर 4 विकेट था। 37 साल के शाल्कविक न तीन ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लिए और अपनी टीम को मैच में आगे कर दिया।
पाकिस्तान में जन्मे तेज़ गेंदबाज़ अली खान ने दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा को पहली ही गेंद पर आउट करके शुरुआती सफलता दिलाई, जिसके बाद वैन शाल्कविक ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले ईशान किशन को 20 रन पर आउट किया, फिर तिलक वर्मा को एक छोटी गेंद पर आउट किया। इसके बाद शिवम दुबे पहली ही गेंद पर आउट हो गए। अपनी गेंदबाजी के साथ ही शाल्कविक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं तो चलिए आपको उनके बारे में बताते हैं।