आईपीएल 2026 में ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स के खिलाफ़ हाई-वोल्टेज मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सुनील नारायण नहीं खेले। स्टार ऑलराउंडर की जगह रोवमैन पॉवेल को टीम में शामिल किया गया। हालांकि, अब केकेआर के लिए अच्छी खबर सामने आई है। नारायण अब ठीक हो चुके हैं और 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ़ होने वाले मुकाबले में वो खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
लखनऊ के खिलाफ मैच से पहले नारायण ने टीम के साथ अभ्यास भी किया। मैच से पहले केकेआर स्टाफ मेंबर ने बताया कि ये क्रिकेटर पेट दर्द से परेशान था लेकिन अब वो लखनऊ के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने वरुण चक्रवर्ती के बारे में भी जानकारी दी, जो उंगली में चोट लगने की वजह से पंजाब किंग्स के खिलाफ़ मैच नहीं खेल पाए थे।
केकेआर मैनेजमेंट ने चोट की गंभीरता के बारे में ज़्यादा कुछ नहीं बताया है, इसलिए अगर स्पिन के जादूगर लखनऊ के खिलाफ़ भी मैच से भी बाहर रहते हैं, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी। केकेआर के स्टाफ मेंबर ने कहा, "सुनील नारायण को पेट में थोड़ा दर्द था, जिसकी वजह से वो पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब वो पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। उन्होंने कल और आज टीम के साथ अभ्यास किया है, इसलिए वो पूरी तरह फ़िट नज़र आ रहे हैं। वरुण की उंगली में चोट लगी है। इस बारे में पूरी जानकारी बाद में दी जाएगी।"