ICC Women’s World Cup 2022: सलामी बल्लेबाज एलिसा हीली (Alyssa Healy) के शतक और रचेल हेन्स (Rachael Haynes) के साथ उनकी 216 रन की साझेदारी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने गुरुवार को यहां वेस्टइंडीज को 157 रन से हराकर आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश किया। हीली ने 107 गेंदों पर 17 चौकों और एक छक्के की मदद से 129 रन बनाये जबकि हेन्स ने 100 गेंदों पर 85 रन की पारी खेली। इन दोनों से मिली शानदार शुरुआत के दम पर आस्ट्रेलिया बारिश के कारण 45 ओवर के मैच में तीन विकेट पर 305 रन का विशाल स्कोर बनाने में सफल रहा।

Advertisement

वेस्टइंडीज की टीम बड़े लक्ष्य के सामने शुरू में ही लड़खड़ा गई और किसी भी समय आस्ट्रेलियाई स्कोर तक पहुंचने की स्थिति में नहीं दिखी। वेस्टइंडीज 37 ओवर में 148 रन ही बना पाया। कप्तान स्टेफनी टेलर ने कैरेबियाई टीम की तरफ से सर्वाधिक 48 रन बनाये जबकि उसकी दो खिलाड़ी चिनेली हेनरी और अनिशा मोहम्मद चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी के लिये नहीं उतरीं।

Advertisement

छह बार की चैंपियन आस्ट्रेलिया अपने सातवें खिताब के लिये फाइनल में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा।

बारिश के कारण मैच एक घंटा 45 मिनट की देरी से शुरू हुआ। वेस्टइंडीज ने पहले टॉस जीता, लेकिन उसका आस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी सौंपने का फैसला हीली और हेन्स ने गलत साबित कर दिया।

हीली ने अर्धशतक पूरा करने के बाद अधिक आक्रामकता दिखाई तथा अपने अगले 50 रन केवल 28 गेंदों पर बनाये। उन्होंने कुल 91 गेंदों पर अपना चौथा शतक पूरा किया। शमिला कोनेल ने उन्हें मिड ऑफ पर कैच कराकर कैरेबियाई गेंदबाजों को कुछ राहत पहुंचाई।

गेंदबाज हेनरी ने हेन्स को शतक पूरा नहीं करने दिया और इसी ओवर में एशलीग गार्डनर (12) को भी आउट किया। हेन्स ने अपनी पारी में नौ चौके लगाये। इन दोनों के आउट होने के बाद कप्तान मेग लैनिंग (26 गेंदों पर नाबाद 26) और बेथ मूनी (31 गेंदों पर नाबाद 43) ने चौथे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।

Advertisement

वेस्टइंडीज ने सलामी बल्लेबाज राशदा विलियम्स (0) का विकेट जल्दी गंवा दिया। उसका दारोमदार डींड्रा डोटिन पर था लेकिन वह 34 रन बनाकर लांग ऑन पर अनाबेल सदरलैंड को कैच दे बैठीं। जेसी जानसन (14 रन देकर दो) ने हेली मैथ्यूज (34) को भी अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया।

टेलर ने पारी को एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरी तरफ से विकेट गिरते रहे। टेलर (48) ने अपनी 75 गेंद की पारी में चार चौके लगाए।

संक्षिप्त स्कोर :

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया : 305/3 (राचेल हेन्स 85, एलिसा हीली 129, मेग लैनिंग 26 नाबाद, बेथ मूनी 43 नाबाद; चिनले हेनरी 2/51)।

वेस्टइंडीज : 37 ओवर में 148/10 (डिएंड्रा डॉटिन 34, हेले मैथ्यूज 34, स्टैफनी टेलर 48; जेस जोनासेन 2/14)।

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार