IND vs PAK Final, Asian Games 2026: श्रेयस अय्यर की कैप्टेंसी वाली भारतीय टी20 टीम ने शनिवार, 03 अक्टूबर को एशियन गेम्स के फाइनल में 212 रन डिफेंड किए और पाकिस्तान को 19 रनों से रौंदकर गोल्ड मेडल जीता। इस मुकाबले के हीरो अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा रहे जिन्होंने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।
अभिषेक-तिलक ने ठोके अर्धशतक: टीम इंडिया के लिए शर्मा जी और वर्मा जी के बेटों ने जीत की नींव रखी। अभिषेक और तिलक दोनों ने ही शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। अभिषेक ने भारतीय टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई और ओपनिंग करके 28 गेंदों पर 3 चौके 7 छक्के लगाकर 61 रन बनाए। वहीं दूसरी तरफ तिलक ने टीम इंडिया के लिए शानदार फिनिश किया और 22 गेंदों पर 3 चौके 4 छक्के लगाकर नाबाद 51 रन ठोके।
उनके अलावा शिवम दुबे ने 15 गेंदों पर 27 रन, ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 20 रन, श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 रन और वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंदों पर 15 रन जोड़े। तो ऐसे भारत ने अपने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 212 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे। बात करें पाकिस्तानी गेंदबाज़ों की तो अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने 2-2 विकेट झटके। वहीं सैम अयूब और अबरार अहमद ने 1-1 विकेट हासिल किए।
हसन नवाज़ की मेहनत पर फिरा पानी: एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल जीतने के लिए पाकिस्तान के सामने 212 रनों का लक्ष्य था। इसका पीछा करते हुए हसन नवाज़ ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी की और 51 गेंदों पर 5 चौके 7 छक्के लगाकर 96 रन जोड़े। उनके अलावा माज सदाकत (18 गेंदों पर 23 रन), सैम अयूब (22 गेंदों पर 29 रन), और साद मसूद (5 गेंदों पर नाबाद 12 रन) ने कुछ अहम रन जोड़े। हालांकि इन सब के बावजूद वो टीम इंडिया को हराने में एक बार फिर नाकाम रहे और हसन नवाज़ की पूरी मेहनत पर आखिर में पानी फिर गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें भारतीय गेंदबाज़ों की तो अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर स्टार प्लेयर रहे। इन दोनों ने ही अपने 4-4 ओवर में 29-29 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए। इनके अलावा शिवम दुबे ने भी शानदार गेंदबाज़ी की 3 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट झटके। शिवम ने ही भारत के लिए आखिरी ओवर डाला और गोल्ड मेडल पर मोहर लगाई। एक बार फिर बता दें कि भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों रौंदकर जीतकर गोल्ड मेडल जीता है। ये एशियन गेम्स 2026 में भारत का 19वां गोल्ड मेडल है।