आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों को बड़ी खुशखबरी मिली है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन का इनाम श्रेयस अय्यर को मिला है, जिन्होंने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। वहीं शुभमन गिल भी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बनने के बेहद करीब पहुंच गए हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (15 जुलाई) को अपनी ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिला है। खास तौर पर श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल और अक्षर पटेल ने अपनी शानदार फॉर्म का इनाम रैंकिंग में भी हासिल किया।
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भले ही भारत को 4-0 से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सीरीज में 54.50 की औसत से 218 रन बनाए। इस दमदार प्रदर्शन का असर ICC T20I बल्लेबाजी रैंकिंग में भी देखने को मिला। श्रेयस ने एक साथ 62 स्थान की छलांग लगाई और अब वह 580 रेटिंग अंकों के साथ 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वहीं भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल को इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में खेली गई उनकी 75 गेंदों में नाबाद 80 रन की पारी ने उन्हें 12 रेटिंग अंक दिलाए। गिल अब ICC ODI बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज और न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल से सिर्फ 11 रेटिंग अंक पीछे हैं। यानी अगर वह अगले दो वनडे में बड़ी पारी खेलते हैं, तो दुनिया के नंबर-1 ODI बल्लेबाज बन सकते हैं। गिल के फिल्हाल 803 रेटिंग अंक हैं, जबकि डेरिल मिचेल के 814 हैं।
भारतीय स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी बड़ी सफलता मिली है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने चार विकेट झटके और 52 गेंदों पर नाबाद 57 रन की अहम पारी खेली थी। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर अक्षर ODI ऑलराउंडर रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर 213 रेटिंग अंक के साथ नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं और टॉप-10 में एंट्री पा ली है।