भारत की युवा स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने शनिवार (5 सितंबर) को पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में इतिहास रच दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शेफाली ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे कर लिए।

Advertisement

शेफाली को इस खास आंकड़े तक पहुंचने के लिए मुकाबले से पहले सिर्फ 7 रन की जरूरत थी। हालांकि इस मुकाबले में वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं और 6 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इससे पहले वह अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा चुकी थीं।

3000 रन पूरे करने के साथ ही शेफाली वर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की सिर्फ तीसरी बल्लेबाज बन गई हैं। उनसे पहले स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर यह कारनामा कर चुकी हैं।

भारत के लिए महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज स्मृति मंधाना हैं। उन्होंने अब तक 174 मैचों में 4690 रन बनाए हैं। वहीं, हरमनप्रीत कौर के नाम 205 मैचों में 4249 रन हैं। शेफाली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं और उनके नाम अब 114 मैचों की 113 पारियों में 3005 रन हैं।

गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 3000 रन
शेफाली वर्मा ने सिर्फ 3000 रन ही पूरे नहीं किए, बल्कि गेंदों के हिसाब से भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। शेफाली ने यह आंकड़ा महज 2182 गेंदों में हासिल किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 3000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करने के लिए 2321 गेंदों का सामना किया था। 

3000 रन बनाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी
शेफाली ने उम्र के मामले में भी नया इतिहास रच दिया है। 22 साल और 220 दिन की उम्र में 3000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करके वह इस फॉर्मेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने आयरलैंड की गैबी लुईस का रिकॉर्ड तोड़ा। गैबी लुईस ने 24 साल और 347 दिन की उम्र में महिला टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे किए थे। 

वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में शानदार जीत दर्ज की। पहले भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई।

इसके बाद भारत ने 56 रन के छोटे से लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने लक्ष्य से 68 गेंद पहले ही मुकाबला अपने नाम कर लिया और पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार