Shafali Verma Story: आईसीसी वुमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का आगाज 12 जून से होने वाला है। इस मेगा इवेंट में कई दिग्गज खिलाड़ियों खेलती नज़र आएंगी, जिसमें से एक भारतीय युवा सुपरस्टार शेफाली वर्मा (Shafali Verma) होंगी। तो आइए आज हम आपको अपने इस खास आर्टिकल के जरिए 22 वर्षीय शेफाली के बारे में कुछ दिलचस्प जानकारी देते हैं।
15 साल की उम्र में मिला डेब्यू का मौका: रोहतक की रहने वाली शेफाली वर्मा अपने करियर के शुरुआती दिनों से ही बेहद अटैकिंग बैटर थी यही वज़ह है उन्हें महज़ 15 साल और 239 दिन की छोटी उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिल गया। गौरतलब है कि उन्होंने 24 सितंबर 2019 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था।। वो भारत के लिए महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।
लड़का बनकर खेला क्रिकेट: शेफाली वर्मा के लिए इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेट खेलने का सफर किसी पहाड़ जैसी चुनौती से कम नहीं रहा। आलम ये था कि शेफाली को क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग लेने के लिए एक अकैडमी में लड़का बनकर एडमिशन लेना पड़ा। शेफाली के पिता बताते हैं कि हरियाणा के रोहतक जिले में कोई भी क्रिकेट अकैडमी शेफाली (लड़की) को एडमिशन नहीं दे रही थी। ऐसे में उन्होंने अपने बेटी के बाल कटा दिए और उन्हें लड़का बताकर अकैडमी में दाखिला दिलाया।
टी20 वर्ल्ड कप 2020 में मचाया धमाल: शायद आपको ये जानकर हैरानी होगी कि भारत की यंग टैलेंटेड बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा, जिन्हें 2020 में भारत के लिए पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिला, वो इस टूर्नामेंट में देश के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेले गए वर्ल्ड कप में अपने बैट से बवाल मचाया और पांच मैचों में 32.60 की औसत और 158.25 की स्ट्राइक रेट से 163 रन ठोके। खास बात तो ये है कि वो इस टी20 वर्ल्ड कप में टॉप-5 सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल थी।
'लेडी सहवाग' के नाम से मशहूर: 22 साल की शेफाली महान वीरेंद्र सहवाग की तरह विपक्षी गेंदबाज़ों पर कोई रहम नहीं दिखाती और उन्हें पहली ही गेंद से अटैक करती है। यही वज़ह है उन्हें आज क्रिकेट प्रेमी 'लेडी सहवाग' कहकर सम्मान देते हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका स्ट्राइक रेट 135+ रहा है।
इस खास आर्टिकल के आखिर में आपको ये भी जान लेना चाहिए कि शेफाली भारत के लिए तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली हैं और अगर वो अपनी पूरी फॉर्म में रहती हैं तो टीम इंडिया के लिए ये टूर्नामेंट बेहद आसान बना देंगी। ऐसे में सभी भारतीय फैंस यही उम्मीद करेंगे कि वो इंग्लैंड की धरती पर भी धमाल मचा दें।
Also Read: LIVE Cricket Score
ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय स्क्वाड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।