SA20 2025-26 सीज़न से पहले डरबन सुपर जायंट्स ने एक बड़ा ऐलान किया है। फ्रैंचाइज़ी ने साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज़ और मौजूदा टी-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान एडेन मारक्रम को अपनी टीम की कमान सौंप दी है। फ्रेंचाईजी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक मज़ेदार वीडियो शेयर करते हुए ये ऐलान किया।
मारक्रम SA20 की शुरुआत से ही सनराइजर्स ईस्टर्न केप का हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने लगातार दो साल 2023 और 2024 में खिताब जीते और टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमों में से एक रही। इसके बावजूद, उन्होंने इस बार ईस्टर्न केप से अलग होकर नीलामी में हिस्सा लिया। नीलामी के दौरान मारक्रम को लेकर कई फ्रैंचाइज़ियों ने दिलचस्पी दिखाई लेकिन अंततः डरबन सुपर जायंट्स ने रिकॉर्ड 14 मिलियन रैंड खर्च करके उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।
जब तक कि डेवाल्ड ब्रेविस को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16.5 मिलियन रैंड में नहीं खरीदा था ये SA20 इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। मारक्रम की कीमत और अनुभव को देखते हुए सुपर जायंट्स ने उन्हें कप्तान बनाने में देर नहीं की। टीम ने एक AI वीडियो के ज़रिए, जिसमें मारक्रम एक जहाज़ के कप्तान के रूप में दिखाई देते हैं और वो कठिन समुद्र से होकर जहाज को अपनी मंज़िल तक पहुंचाते हुए दिख रहे हैं।