इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 37वें मुकाबले में शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस ने रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही गुजरात की टीम के 8 अंक हो गए हैं और वो अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
इस मैच में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने चेन्नई सुपर किंग्स को निर्धारित 20 ओवरों में 158 रनों पर रोक दिया। संजू सैमसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ संभली हुई शुरुआत की। दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 21 रन की साझेदारी की। संजू 15 गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 2 चौके शामिल रहे। इसके बाद टीम बिखरती नजर आई। मेजबान टीम ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर उर्विल पटेल का विकेट भी गंवा दिया, जो इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे थे। उर्विल 3 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 4 ही रन बना सके, जो उन्हें बाउंड्री के साथ हासिल हुए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने 4.4 ओवर में सरफराज खान के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया, जो अपनी पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर देवाल्ड ब्रेविस (2) भी चलते बने। चेन्नई सुपर किंग्स ने 37 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से शिवम दुबे ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। दुबे 17 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंत में गायकवाड़ ने नाबाद 74 रन बनाए और अपनी टीम को 158 के स्कोर तक पहुंचाया। जीटी के लिए कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।