आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या अब मैदान पर वापसी करने के काफी करीब हैं। पिछले दो मैचों से चोट की वजह से बाहर चल रहे हार्दिक कोलकाता पहुंच चुके हैं, जहां मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला खेलना है। खास बात ये रही कि हार्दिक अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ एयरपोर्ट पर नजर आए। हार्दिक पिछले कुछ दिनों से अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि वो 22 मई को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ शादी रचा सकते हैं ऐसे में उन्हें कोलकाता में देखकर फैंस थोडे़ से हैरान नजर आए। गौरतलब है कि हार्दिक पीठ में खिंचाव यानी बैक स्पाज्म की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके चलते वो टीम के पिछले दो मैच नहीं खेल पाए। उनकी गैरमौजूदगी में पहले सूर्यकुमार यादव और फिर जसप्रीत बुमराह ने टीम की कप्तानी संभाली। हालांकि अब हार्दिक की वापसी से मुंबई इंडियंस को बड़ी राहत मिली है। जब कोलकाता पहुंचने पर हार्दिक से उनकी फिटनेस को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सिर्फ एक शब्द में जवाब दिया, “शानदार।” उनके इस जवाब ने फैंस की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं कि वो अगले मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। आराम और रिकवरी के लिए हार्दिक पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में टीम के साथ नहीं गए थे। टीम मैनेजमेंट भी नहीं चाहता था कि उनकी चोट ज्यादा बढ़े। अब ऐसा माना जा रहा है कि KKR के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हार्दिक एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते दिख सकते हैं। In today’s episode of #MIDaily, we check in at Kolkata with the team pic.twitter.com/afv4YcLIiw हालांकि, इस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। इसी वजह से हार्दिक की कप्तानी को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि भविष्य में MI कप्तानी के लिए सूर्यकुमार यादव या जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों पर भी विचार कर सकती है। फिलहाल फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि हार्दिक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर कितनी दमदार वापसी करते हैं।