आईपीएल 2023 के क्वालिफायर 2 में गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल (Shubman Gill) के शतक और मोहित शर्मा (Mohit Sharma) के 5 विकेट हॉल की मदद से मुंबई इंडियंस को 62 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई टूर्नामेंट से बाहर हो गयी। वहीं गुजरात ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। 28 मई को फाइनल में गुजरात का मुकाबला अब चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
मुंबई ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया था। इस मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मुंबई इंडियंस ने आकाश मधवाल की जगह नेहल वढेरा को खिलाया। वहीं गुजरात टाइटंस ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में जोशुआ लिटिल को शुभमन गिल की जगह खिलाया। वहीं ईशान किशन गुजरात की बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे। इसलिए उनकी जगह बल्लेबाजी करने के लिए कन्कशन के रूप में विष्णु विनोद आये।
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 233 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन शुभमन गिल ने बनाये। उन्होंने 60 गेंद में 7 चौके और 10 छक्के की मदद से शानदार 129 रन की शतकीय पारी खेली। ये आईपीएल 2023 में उनका तीसरा शतक है। उनके अलावा साई सुदर्शन ने 31 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन का योगदान दिया।