पूर्व भारतीय कप्तान और चीफ़ सेलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने चेन्नई सुपर किंग्स की मैनेजमेंट को फटकार लगाते हुए उन पर ज़ोरदार हमला बोला है। उन्होंने फ़्रैंचाइज़ी कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग पर पूरे आईपीएल सीज़न के दौरान महेंद्र सिंह धोनी की फ़िटनेस को लेकर फ़ैंस को जान-बूझकर धोखा देने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट ने जान-बूझकर अस्पष्ट बातें कीं और ट्रेनिंग वीडियो का इस्तेमाल करके फ़ैंस की पुरानी यादों को भुनाने की कोशिश की, जबकि उन्हें पता था कि ये अनुभवी विकेटकीपर पूरे सीज़न में एक भी मैच नहीं खेलेगा। ये मामला तब सामने आया जब पूर्व आईपीएल क्रिकेटर अनिरुद्ध श्रीकांत ने अपने शो में फ़ैन्स की ऑनलाइन नाराज़गी का ज़िक्र किया और अपने पिता से इस स्थिति पर उनकी राय पूछी।
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब शो में कहा, "सीज़न शुरू होने से पहले, उन्होंने कहा था कि धोनी को पैर में चोट लगी है और उन्हें उम्मीद है कि वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे। फ़्लेमिंग ने भी यही बात दोहराई, रुतुराज गायकवाड़ ने भी यही कहा, 'हो सकता है कि वो अगले मैच के लिए तैयार हो जाएं।' और फिर मैच से पहले, सीएसके धोनी की ट्रेनिंग का एक वीडियो दिखाती थी ताकि फ़ैंस को लगे कि वो फ़िट हैं और शायद खेलेंगे।"