मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) मंगलवार, 7 अप्रैल को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उपलब्ध होंगे या नहीं? यह सवाल MI फैंस के मन में बना हुआ है। अगर आप भी इसका जवाब जानना चाहते हैं, तो बता दें कि खुद मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या के खेलने को लेकर बड़ा हिंट दिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, मुंबई इंडियंस ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से हार्दिक पांड्या का एक वीडियो फैंस के साथ साझा किया है जिसमें वो गुवाहाटी में होने वाले मुकाबले से पहले जमकर प्रैक्टिस करते दिखे हैं। MI फैंस के लिए खुशी की बात ये है कि हार्दिक पूरी तरह फिट दिख रहे हैं और बैटिंग और बॉलिंग दोनों की प्रैक्टिस करते नज़र आए हैं।
बताते चलें कि हार्दिक पांड्या बीमार होने के कारण मुंबई इंडियंस का पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए थे जहां दिल्ली कैपिटल्स ने MI की टीम को 18.1 ओवर में 163 रनों का लक्ष्य हासिल करके 6 विकेट से धूल चटाई। इस मुकाबले में मिली हार के बाद अब मुंबई इंडियंस की टीम पाइंट्स टेबल पर छठे पायदान पर पहुंच गई है। उनके खाते में अपने शुरुआती दो मुकाबलों के बाद एक जीत और एक हार दर्ज है।