टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों मिली हार से भारतीय खेमे में हड़कंप मच चुका है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के लगातार फेल होने पर भी सवाल उठ रहे हैं और यही कारण है कि अब इस हार के बाद टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने अगले मैच के लिए संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में वापस लाने का संकेत दिया है।
भारतीय टीम को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने शुरुआती सुपर 8 मैच में साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार का सामना करना पड़ा। 188 रनों के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय बैटिंग एक बार फिर जूझती दिखी और पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई। भारत की बैटिंग ने उन्हें पूरे टूर्नामेंट में परेशान किया है, जिसमें अभिषेक शर्मा चार पारियों में तीन बार बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा टॉप ऑर्डर में कोई बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टेन डोशेट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हां, बिल्कुल हमारे पास ऑप्शन हैं। अब तक हमने जो पांच मैच खेले हैं, उनमें से चार टीमों ने पार्ट-टाइम ऑफ-स्पिन से शुरुआत की है और हर बार एक विकेट मिला है। अभिषेक शर्मा यूएसए के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे लेकिन उस मैच में भी बैटिंग लड़खड़ाई थी।इसलिए हर पारी में शून्य पर एक विकेट गंवाना खिलाड़ियों पर दबाव डाल रहा है।”