Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Netherlands Women: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 95 रन से करारी शिकस्त दी। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने 209 रन का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में नीदरलैंड की टीम 114 रन पर सिमट गई।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां लीग स्टेज मुकाबला बुधवार (17 जून) को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में भारत और नीदरलैंड के बीच खेला गया। नीदरलैंड की कप्तान बाबेट डे लीडे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
हालांकि उनका यह फैसला भारतीय सलामी बल्लेबाजों के सामने ज्यादा कारगर साबित नहीं हुआ। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 71 गेंदों में 115 रन जोड़कर शानदार शुरुआत दिलाई। शेफाली ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दौरान 38 गेंदों में 55 रन बनाए। वहीं स्मृति ने भी शानदार लय दिखाते हुए 47 गेंदों में 74 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।