T20 World Cup: 21 वर्षीय सैतेजा मुक्कमल्ला ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 21वें मुकाबले में 79 रन की पारी खेली। इसी के साथ सैतेजा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से 'नंबर-1' बन गए हैं।
सैतेजा मुक्कमल्ला ने अब तक 20 पारियों में 7 बार यह कारनामा किया है। इस मामले में उन्होंने कप्तान मोनांक पटेल की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 39 पारियों में 7 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, एंड्रीज गौस 26 पारियों में 6 अर्धशतकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं, जबकि 29 पारियों में 5 अर्धशतक लगा चुके स्टीवन टेलर लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी यूएसए की टीम ने 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए। इस टीम को कप्तान मोनांक पटेल और शायन जहांगीर की जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 2.5 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की। शायन 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए।